जिले के लिए अच्छी खबर है। यहां कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार कमी आ रही है। प्रदेश में कोरोना संक्रमित के रिकवरी रेट में खंडवा टॉप पर आ गया है। जिले में अब तक मिले 286 संक्रमितों में से 256 यानी 89.51 फीसदी स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो गए। ऐसा ही रहा तो जिला संक्रमण की चपेट से जल्द ही मुक्त हो सकता है।
शनिवार तक मिली कोरोना की रिपोर्ट के मुताबिक जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में 9, इंदौर और भोपाल में दो-दो कुल 13 मरीज इलाज करा रहे हैं। जिले में एक्टिव केस की संख्या 13 यानी 4.54 फीसदी है। वहीं अब तक हुई 17 संक्रमितों की मौत का आंकड़ा कुल संख्या का 5.94 प्रतिशत है। इसका प्रमुख कारण खंडवा मेडिकल कॉलेज से 24 घंटे के भीतर आ रही जांच रिपोर्ट है। जिससे मरीजों का समय पर इलाज शुरू हो जा रहा है। इससे पहले कोरोना सैंपल की जांच रिपोर्ट इंदौर-भोपाल से 8 से 10 दिन में आती थी।
संक्रमितों के रिकवरी में खंडवा में प्रदेश में टॉप पर
कोरोना पॉजिटिव संक्रमित मरीजों के रिकवरी के मामले में खंडवा जिला टॉप पर है। अबतक मिले 286 में 256 अर्थात 89.51 फीसदी मरीज स्वस्थ हुए। हमने ऐसी सावधानियां बरती तो जिला संक्रमण की चपेट से मुक्त होकर ग्रीन जोन में आ जाएगा।
-डॉ.योगेश शर्मा, जिला महामारी विशेषज्ञ
भोपाल में 70.86, इंदौर में 73.57% मरीज ही हुए ठीक
शनिवार के रिकार्ड के अनुसार कोरोना संक्रमण के पॉजिटिव मरीज इंदौर में 73.57, भोपाल में 70.86 , उज्जैन में 82.20 और बुरहानुपर में 88.23 फीसदी मरीज ठीक हुए। खंडवा में पहला मरीज 8 अप्रैल को मिला था। सबसे पहले 20 अप्रैल को 8 पॉजिटिव मरीजों को स्वस्थ होने पर अस्पताल से डिस्चार्ज किया था।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2BujkBO