नेशनल हाईवे 92 हरगोविंद पुरा गेट के पास शुक्रवार को लोडिंग वाहन ने एक साइकिल चालक को टक्कर मार दी। जिससे उसकी माैके पर माैत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। मृतक की अभी शिनाख्त नहीं हाे सकी है।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे एक अज्ञात साइकिल चालक(55) भिंड तरफ से गोहद चौराहा की ओर आ रहा था। इस दौरान हरगोविंद पुरा गेट के पास तेज गति में आ रहे लोडिंग वाहन ने साइकिल चालक को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि साइकिल चालक सड़क के किनारे खाई में उछलकर जा गिरा। जिससे हाथ-पैर और सिर में गंभीर चोट आई। वहीं मौके पर मौजूद लोगों ने लोडिंग वाहन चालक को रोकने की कोशिश की लेकिन वाहन चालक गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया। जिसके बाद लोगों ने घटना की सूचना गोहद चौराहा थाना पुलिस को दी। पुलिस ने अज्ञात घायल को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, लेकिन डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायल को ग्वालियर के रैफर कर दिया। जिसकी ग्वालियर जाते समय रास्ते में मौत हो गई ।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today