शिवपुरी-
सिंध परियोजना पक्का बांध संभाग मड़ीखेड़ा के कार्यपालन यंत्री ने बताया है कि वर्ष 2020-21 में अटल सागर (मडीखेडा) बांध का जल स्तर 346.25 मीटर तक भरा जाना निर्धारित किया गया है तथा उक्त बांध का जल स्तर वर्षा काल में ( वेक वाटर से) 346.85 मीटर तक पहुंचने की संभावना है। अतः इस बांध की डूब से प्रभावित समस्त ग्राम रायपुर, सौसा, विनेगा, देहरी, खजूरी, बमनौआ, उडवाहा, कांठी, मित लोनी, दागीपुरा, रसोई, अमोला एवं करगई के अधिग्रहित 13 ग्रामों के पूर्व मूल निवासियों, आमजनों को सचेत किया जाता है कि इन ग्रामों में कोई भी गतिविधि संचालित न करें और ना ही डूब क्षेत्र की सीमा में प्रवेश करें।
उन्होंने कहा है कि आगामी वर्षा काल में अटल सागर(मड़ीखेड़ा) बांध के जल द्वारों एवं पावर हाउस से सिंध नदी में किसी भी समय जल प्रवाहित किया जा सकता है। बांध के नीचे सिंध नदी के किनारे स्थित सभी ग्रामों के ग्रामवासियों एवं आमजनों को चेतावनी दी जाती है कि ये वर्षाकाल में सिंध नदी में न तो प्रवेश करें, और ना ही कोई गतिविधियां संचालित करें। इन सूचना के उपरांत भी यदि बांध के डूब क्षेत्र एवं बांध के नीचे नदी किनारे स्थित क्षेत्र में कोई भी व्यक्ति कोई गतिविधि संचालित करता है या प्रवेश करता है तो उक्तानुसार प्रतिबंधित क्षेत्र में गतिविधि से जान-माल का जौखिम हो सकता है। इसलिए सावधानी बरतें और दी गयी सलाह को मानें।