भोपाल में 221 नए मरीज, संख्या 5577 पहुंची, मुख्यमंत्री कोरोना पॉजिटिव; संपर्क में आए कई मंत्री-विधायक होम क्वारेंटाइन, सैंपल भी दिए

राजधानी में शनिवार को 221 और कोरोना पॉजिटिव मरीज सामने आए हैं। इसके साथ ही शहर में मरीजों की संख्या बढ़कर 5577 पर पहुंच गई है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की कोविड टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। गले में खराश और हरारत की जानकारी मिलने के बाद दिए गए सैंपल की रिपोर्ट शनिवार दोपहर 12 बजे आई। इसके डेढ़ घंटे बाद ही वे कोविड के निर्धारित निजी अस्पताल चिरायु में भर्ती हो गए। शिवराज देश के पहले सीएम हैं, जो संक्रमित हुए। बताया जा रहा है कि वे 4 दिन पहले राज्यपाल लालजी टंडन के निधन पर विमान से लखनऊ गए थे।

इसी विमान में उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, संगठन महामंत्री सुहास भगत और सहकारिता मंत्री अरविंद भदौरिया भी थे। लौटने के बाद भदौरिया पॉजिटिव निकले। शर्मा-भगत की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई और अब मुख्यमंत्री की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके बाद मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, सीएम के प्रमुख सचिव मनीष रस्तोगी, सीपीआर सुदाम पी. खाडे, डायरेक्टर जनसंपर्क आशुतोष प्रताप सिंह से लेकर कुछ अफसर एहतियातन दो-तीन दिन के लिए क्वारेंटाइन हो गए हैं। मुख्य सचिव ने सेंपल दिए, जिसमें देर शाम रिपोर्ट निगेटिव आई है।
मुख्यमंत्री के परिवार में उनकी पत्नी, बेटे के साथ सुरक्षा व निजी स्टॉफ को मिलाकर 100 लोग शिवराज सिंह चौहान से संपर्क में रहे। वे भी धीरे-धीरे सेंपल दे रहे हैं। देर शाम पत्नी व दोनों बेटों की रिपोर्ट निगेटिव आ गई। इस बीच, सूत्रों का कहना है कि शिवराज सिंह एहतियातन इससे पहले भी दो बार कोविड टेस्ट करा चुके हैं। इसमें एक बार तब जब वे दिल्ली से लौटे थे। दोनों बार रिपोर्ट निगेटिव आई थी। इस बार जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। हालांकि आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि कोई नहीं कर रहा।
इस बीच, चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने शाम को अस्पताल पहुंचकर सीएम की प्रारंभिक मेडिकल टेस्ट की जानकारी ली। उनका कहना है कि सभी रिपोर्ट्स नार्मल हैं। वे जल्दी ठीक होंगे। शाम को ही शिवराज सिंह की पत्नी भी अस्पताल पहुंचीं। इसी के बाद हैल्थ बुलेटिन जारी हुआ।
इधर, भाजपा में भी उनके संपर्क में आए नेताओं ने सेंपल देना शुरू किए हैं। प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेंद्र पाराशर ने भी सेंपल दिया है। कुछ विधायक व अन्य नेता भी जल्द ही सेंपल दे सकते हैं।

मंत्रालय जाने का कार्यक्रम अचानक रद्द हुआ
शुक्रवार को सीएम ने कोविड टेस्ट के लिए सेंपल दिए थे। शनिवार की सुबह के कार्यक्रम के अनुसार सीएम को मंत्रालय जाना था। वहां उनकी मुलाकात भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के साथ मनोज श्रीवास्तव, व्हीके सिंह और एलएम बेलवाल से होनी थी। इसके बाद बैठकें ली जानी थी, लेकिन जैसे ही मुख्यमंत्री को जानकारी लगी तो उन्होंने सारे कार्यक्रम रद्द कर दिए। उनके पारिवारिक डाक्टर आरके राय ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनकी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके बाद मुख्यमंत्री निवास से प्रांगण में आए तो उनसे प्रोटेम स्पीकर रामेश्वर शर्मा व अधिकारी जीके दुबे ने उनसे मुलाकात की। फिर तीन पुलिस अधिकारी पीपीई किट में आए, जिनके साथ मुख्यमंत्री अस्पताल के लिए रवाना हुआ। मुख्यमंत्री ने रविवार का कार्यक्रम भी रद्द कर दिया है।

- समय काटने के लिए किताबें बुलवाईं
मुख्यमंत्री ने गायत्री परिवार से जुड़े आचार्य श्रीराम शर्मा के साथ स्वामी विवेकानंद की कुछ पुस्तकें बुलवाईं। इसे पढ़कर वे अपना समय बिताएंगे।

चिरायू ही क्यों
बताया जा रहा है कि कोरोना के उपचार के लिए भोपाल में चिरायू अस्पताल निर्धारित है। भोपाल के एम्स और हमीदिया अस्पताल में अन्य रोगों के मरीज भी दाखिल होते हैं। आम जन को कठिनाई नहीं हो, इस उद्देश्य से मुख्यमंत्री चिरायु मेडीकल कॉलेज में भर्ती हुए।

अपील... जो मेरे संपर्क में आए हैं, कोविड टेस्ट करा लें

हाल ही में संपर्क में आए लोगों को कोरोना वायरस टेस्ट करवा लेना चाहिए। इससे घबराने की आवश्यकता नहीं है। कोरोना पॉजिटिव लोगों का अच्छा उपचार प्रत्येक जगह हो रहा है और अच्छे परिणाम भी मिल रहे हैं। पूरी सावधानियों का पालन करते हुए थोड़े से भी लक्षण दिखाई देने पर टेस्ट करवाएं। कोरोना गाइड लाइन का पूरा पालन कर रहा। डॉक्टर की सलाह के अनुसार क्वारेंटाइन रहूंगा और इलाज कराऊंगा। यथासंभव अब अस्पताल से ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोरोना की समीक्षा करने का प्रयास करूंगा।
-शिवराज सिंह, (अस्पताल में भर्ती होने से पहले ट्वीट)

ये भी हो चुके संक्रमित...

सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया {मंत्री अरविंद भदौरिया {ओम प्रकाश सकलेचा {विधायक दिव्यराज सिंह {कुणाल चौधरी {राकेश गिरी गोस्वामी {प्रवीण पाठक {नीना वर्मा {लखन घनघोरिया।

मुख्यमंत्री से 20 से 24 जुलाई की रात तक मिले थे मंत्री-विधायक

कृषि मंत्री कमल पटेल, मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, मंत्री मीना सिंह, मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह, मंत्री ऊषा ठाकुर, मंत्री तुलसी सिलावट, विधायक प्रदीप लारिया, मालिनी गौड़ समेत 20 से 24 जुलाई की रात तक मिले मंत्री व विधायकों ने अपने आपको दो-तीन दिनों के लिए होम क्वारेंंटाइन कर लिया है। पटेल, राजपूत, ओमप्रकाश सकलेचा और हरदीप सिंह डंग ने सैंपल दिए हैं। इन दिनों में मुख्यमंत्री ने कैबिनेट की बैठक की और मंत्रियों व विधायकों से वन-टू-वन मुलाकात भी की। वे सभी धीरे-धीरे सैंपल देंगे। मंत्री गोपाल भार्गव ने कहा कि वे वन-टू-वन में नहीं गए। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री ने करीब 23 मंत्रियों के साथ वन-टू-वन किया है।

नरोत्तम, भूपेंद्र, विश्वास और प्रभुराम को जिम्मा
मुख्यमंत्री ने कहा है कि उनकी अनुपस्थिति में कोरोना की बैठक गृह मंत्री डॉ.नरोत्तम मिश्रा, नगरीय विकास एवं प्रशासन मंत्री भूपेंद्र सिंह, चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी लेंगे।
मंत्रालय में अब तक 27 पॉजिटिव मंत्रालय में 27 पॉजिटिव मिल चुके हैं। इनमें सीएम कार्यालय के 4 कर्मचारी भी शामिल हैं। यहां दो ओएसडी के पीए और दो चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी पॉजिटिव मिले हैं।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
221 new patients, number 5577 arrived in Bhopal, Chief Minister Corona positive; Many ministers-MLAs who came in contact, home quarantine, also gave samples


Dabang News

दबंग न्यूज एक ऐसा जनमंच है जहां हम सभी खबरों एवं जनसमस्याओं को पूर्णतः निष्पक्ष और बेवाक ढंग से प्रकाशित करते हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post