जिले में शनिवार को 14 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। इनमें बीएमसी के वायरोलॉजी लैब से 7 और इंदौर की निजी लैब से 7 पॉजिटिव मरीजों की पुष्टि हुई है। 14 नए पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद सागर में संक्रमितों का आंकड़ा 782 पर पहुंच गया है। वहीं बीएमसी से 9 मरीज स्वस्थ्य होकर घर लौटे हैं।
शनिवार को मिले संक्रमित मरीजों में सेना के 5 जवान शामिल हैं। सभी जवानों की ट्रैवल हिस्ट्री थी, जिसके बाद उन्हें क्वारेंटाइन सेंटर में रखा गया था। सैंपल रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद सभी का इलाज कैंट स्थित सेना के अस्पताल में चल रहा है। वहीं बड़ा बाजार निवासी 36 वर्षीय सराफा व्यापारी और कटरा निवासी 65 वर्षीय वृद्ध भी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं।
शास्त्री वार्ड में दो भाई संक्रमित मिले
इंदौर की निजी लैब से शास्त्री वार्ड निवासी 28 वर्षीय और 33 वर्षीय दो भाई कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। वहीं वैशाली नगर कॉलोनी निवासी 20 वर्षीय युवक, मोतीनगर निवासी 36 वर्षीय महिला, गांधी वार्ड निवासी 63 वर्षीय वृद्ध, देवरी निवासी 19 वर्षीय युवक और वंशिया गांव निवासी 22 वर्षीय युवक के कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई है। इन सभी पॉजिटिव मरीजों को क्वारेंटाइन सेंटरों से इलाज के लिए बीएमसी शिफ्ट कर दिया गया है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today