जिले में शुक्रवार काे एक साथ 9 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। बैतूल शहर में पॉजिटिव के संपर्क में आने से एक युवती सहित चार लोग संक्रमित हुए। आठनेर के आंबेडकर वार्ड में 75 साल के बुजुर्ग, मुलताई के बघोड़ा में मुंबई से लौटा 50 साल का पुरुष तथा युवती, नगरकोट में सोनभद्र से आया युवक तथा शाहपुर के सिलपटी में युवक संक्रमित हुए। जिले में अब तक 287 पॉजिटिव केस हैं। इनमें से 215 स्वस्थ होकर घर लौट गए। अब एक्टिव केस 69 बचे हैं। रिकवरी रेट 74.91 प्रतिशत है।
शहर में बढ़ा संक्रमण फैलने का खतरा : शहर में भी अब संक्रमण का खतरा बढ़ रहा है। कंपनी गार्डन में एक पॉजिटिव आने के बाद संपर्क में आई युवती तथा दो युवकों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। वहीं सिविल लाइन में भी 50 साल के बुजुर्ग की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद कोविड सेंटर में भर्ती कराया है। इधर, प्रभातपट्टन ब्लॉक के बघोड़ा में मुंबई से लौटकर आए 50 के पुरुष तथा 16 साल की युवती की रिपोर्ट पॉजिटिव आई, वहीं मुलताई के नगरकोट में सोनभद्र उत्तर प्रदेश से आया युवक संक्रमित निकला।
निजी अस्पताल में करा रहे थे इलाज : आठनेर नगर के आंबेडकर वार्ड में 75 वर्षीय पुरुष की रिपोर्ट काेराेना पॉजिटिव आई है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के नोडल अधिकारी डॉ. सुमित पटैया ने बताया कि बुजुर्ग बैतूल के निजी अस्पताल में इलाज करा रहे थे, उन्हें सर्दी, जुकाम, खांसी एवं सांस लेने में तकलीफ हो रही थी, जिसके चलते वे बैतूल के निजी हॉस्पिटल में इलाज करा रहे थे। जब डॉक्टर को कोरोना संक्रमण का संदेह हुआ तब उन्होंने मरीज को जिला चिकित्सालय में जांच कराने की सलाह दी थी। डॉ. सुमित पटैया ने बताया कि उस व्यक्ति की कोई ट्रैवलिंग हिस्ट्री नहीं है। उनके परिवार में 12 सदस्य एक साथ रहते हैं उनके सैंपल लिए जा रहे हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today