बुधवार सुबह से ही घने बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई। सुबह के समय जरूर कुछ समय के लिए हल्की फुहारें गिरीं। मौसम विभाग का मानना है कि बादलों की ऊंचाई अधिक होने से बारिश नहीं हुई है। अभी तीन दिन और ऐसा ही मौसम बना रहने की संभावना है। ऐसे में रिमझिम बारिश होगी, लेकिन तेज बारिश के लिए अभी इंतजार करना होगा। मौसम विभाग का मानना है कि बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात का अंचल में असर 8 अगस्त के बाद होगा। ऐसे में 9 से 11 अगस्त तक तेज बारिश होने की संभावना बन रही है। बता दें कि जिले में पिछले 24 घंटे में 1.4 सेमी औसत बारिश दर्ज हुई है।
इस साल सावन महीने में बहुत कम बारिश हुई है। ऐसे में लोगों को भादौं से अच्छी बारिश की उम्मीद है। भादौं की शुरुआत में पहले दिन मंगलवार को रिमझिम बारिश का दौर चलता रहा। बुधवार सुबह से ही बादल तो छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई। आरएके कॉलेज स्थित ग्रामीण कृषि मौसम सेवा केंद्र के डॉ. सत्येंद्र सिंह तोमर ने बताया कि एक दिन पहले मंगलवार से बंगाल की खाड़ी के उत्तरी हिस्से में निम्न दबाव का क्षेत्र बना है। दक्षिण राजस्थान के ऊपर भी एक चक्रवाती घेरा बना है। इससे मानसून की ट्रफ लाइन सामान्य स्थिति से थोड़ा और नीचे दक्षिण की ओर जाएगी। 9 अगस्त से तेज बारिश का दौर शरू होगा।
इछावर में 1 इंच तो रेहटी में डेढ़ इंच से ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटे में शहर में भले ही रिमझिम बारिश का दौर रहा, लेकिन इछावर और रेहटी क्षेत्र में अच्छी बारिश हुई। इछावर में 2.7 सेमी और रेहटी में 4 सेमी औसत बारिश पिछले 24 घंटे में दर्ज हुई है। इसके साथ ही सीहोर और श्यामपुर में 0.5-0.5 सेमी, आष्टा में 0.9 सेमी, जावर में 0.3 सेमी, नसरुल्लागंज में 0.9 सेमी और बुदनी में 1.6 सेमी बारिश हुई। जिले में अब तक सबसे ज्यादा बारिश रेहटी में 71 सेमी दर्ज हुई है। जबकि श्यामपुर में सबसे कम बारिश 32.1 सेमी दर्ज की गई।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today