जिला अस्पताल के कोरोना मरीजों के आइसोलेशन वार्ड का वीडियो गुरुवार को वायरल हुआ। इसमें कोरोना के मरीजों ने वार्ड की व्यवस्था की पोल खोल दी। रामनगर निवासी कोरोना के मरीज ने कहा पिछले सोमवार को यहां लाकर भर्ती कर दिया। मैं उसी दिन से ठीक हूं। यहां पर कुछ भी इलाज नहीं हुआ। यहां डॉक्टर व स्टाफ देखने तक नहीं आया। वहीं दूसरे मरीज ने कहा बदबू के कारण यहां आकर बैठी हूं। तीसरे मरीज ने कहा दवा व खाना वार्ड ब्वाॅय देते हैं। इधर, वीडियो के वायरल होने पर मेडिकल कॉलेज डीन बचाव में आए। डीन डॉ. अनंत पवार ने कहा हमारी व्यवस्था अच्छी है। हम खुद मरीजों से बात करते हैं। डॉक्टर-स्टाफ के जाने व आने की इंट्री हो रही है, लेकिन यदि इस प्रकार का कोई वीडियो वायरल हुआ है तो यह बेहद शर्मनाक है। मैं खुद मरीज से मिलूंगा।
रामनगर निवासी मरीज ने बताया 10-12 दिन पहले हुई बारिश में मैं भीग गया था। मुझे लगा तबीयत थाेड़ी खराब हाे गई है। मैं सीधे अस्पताल आ गया। मेरा काम मार्केट में घूमने का है, मुझे लगा परिवार काे परेशानी न हाे इसलिए मैं अस्पताल आया। यहां मुझे दवाई दी और जांच की। पिछले साेमवार काे जांच हुई थी। मुझे यहां नाै दिन हाे गए। यहां इलाज ठीक से नहीं हुआ। न डाॅक्टर देखने आया न अन्य जिम्मेदार। सभी मरीज यहां लगभग ठीक हैं। एक अन्य मरीज ने बताया मुझे यहां सात दिन हाे गए। किसी ने कहा मुझे 12 दिन हाे गए। हमें कुछ नहीं हुआ है। यहां जितने भी मरीज है, पूछ लीजिए किसके हाथ में रिपाेर्ट दी है। एक अन्य मरीज ने कहा दवाई गोली और खाना भी सफाईकर्मी दे जाते हैं। जबकि डॉक्टर्स को आना चाहिए।
इधर, एक और कोरोना संक्रमित मरीज की इंदौर में मौत, अब तक 20 ने तोड़ा दम
कोरोना वायरस संक्रमण के इलाज के लिए इंदौर में भर्ती एक और मरीज की बुधवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके साथ ही जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों के मौत का आंकड़ा 20 पर पहुंच गया है। आदर्श नगर निवासी सोहराब मोहम्मद (68) को जिला अस्पताल से 29 जुलाई को इंदौर रैफर किया गया था। उनकी कोरोना रिपोर्ट 29 जुलाई की रात को ही पॉजिटिव आ गई थी। इलाज के दौरान उनकी 5 अगस्त को ही मौत हो गई।
जिले में अबतक 690 पॉजिटिव मरीज मिल चुके हैं। इसमें से 592 मरीजों को स्वस्थ होने पर डिस्चार्ज किया जा चुका है। इधर गुरुवार को ही 18 पॉजिटिव मरीजों को ठीक होने पर छुट्टी दी गई।
अगस्त के 6 दिन में आए 47 पॉजिटिव मरीज
अगस्त के शुरुआती 6 दिन में ही 47 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले। जानकारी के मुताबिक 1 अगस्त को 13, दो को 11, तीन को 9, 4 को 3 और पांच अगस्त को 8 मरीज मिले। जबकि 6 अगस्त की देर रात तीन और कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले। वहीं अप्रैल में 35, मई में 197, जून में 69 और जुलाई में 342 पॉजिटिव मरीज मिले थे।
जेल में मरीज: 3 कैदी और 3 जेल प्रहरी क्वारेंटाइन हुए
कोरोना पॉजिटिव बाइक चोर कैदी निवासी आजाद नगर, इंदौर को सुरक्षा के लिहाज से जिला अस्पताल के आइसोलेशन की जगह जिला जेल में ही आइसोलेट किया है। इसके साथ ही कैदी के संपर्क वाले साथी तीन कैदियों एवं तीन जेल प्रहरियों को भी क्वारेंटाइन किया गया है।
देर रात आई रिपोर्ट जिले में तीन कोरोना संक्रमित मरीज मिले
गुरुवार देर रात जिले में तीन पॉजिटिव मरीज और मिल गए। इनमें सेमलिया गुडी खेड़ी, ग्राम चमाटी और दुबे कालोनी खंडवा का मरीज शामिल है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today