20 दिन बाद खुला दायीं ओर का बाजार, ग्राहकी कम, धार्मिक स्थल खुलने का अभी इंतजार करें

काेरोना संक्रमित मिलने के बाद बंद हुआ बाजार 20 दिन बाद खुला। हालांकि ग्राहकों की संख्या कम रही। व्यापारियों का कहना है कि कई दिन बाद बाजार खुला, इसलिए पहले दिन ग्राहक कम आए। अब रोज बाजार खुलेगा तो ग्राहकी भी बढ़ेगी। मंगलवार को दायीं ओर का बाजार खुला। अब बुधवार को बायीं ओर का बाजार खुलेगा। इस संबंध में मंगलवार को हुई संकट प्रबंधन समिति की बैठक के बाद आदेश जारी कर दिए गए लेकिन इस बैठक में धार्मिक स्थल खोलने पर कोई निर्णय नहीं लिया गया यानी अभी मंदिर-मस्जिद सहित सभी धार्मिक स्थल बंद ही रहेंगे।
शहर के चूड़ी बाजार में 29 मई को सत्यनारायण शर्मा और फिर मेन बाजार में 3 जून को मंदिर के पुजारियों सहित अन्य के कोरोना पॉजिटिव मिलने पर प्रशासन ने चूड़ी बाजार, मेन बाजार, बोहरा बाजार और आखिर में टोड़ी बाजार को कंटेनमेंट एरिया घोषित कर सील कर दिया था। इससे शहर का 75 फीसदी बाजार बंद हो गया था। उक्त क्षेत्रों में सबसे ज्यादा 34 कोरोना संक्रमित मरीज मिले।

10 जून के बाद कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा घटने लगा। नए संक्रमित न मिलने से बीते तीन दिनों से व्यापारी कंटेनमेंट एरिया खत्म कर बाजार खोलने की अनुमति मांग कर रहे थे। सोमवार को आए चंबल कमिश्नर आरके मिश्रा के सामने भाजपा-कांग्रेस नेताओं के साथ व्यापारियों ने बाजार खुलवाने की मांग की। इस पर सहमति जताते हुए कमिश्नर ने कलेक्टर को बाजार खोलने के आदेश दिए। इसके बाद सुभाष कचहरी की ओर से आते समय दायीं ओर का बाजार मंगलवार से खोल दिया गया। इसके साथी ही लोगों ने खरीदारी की।

शहर के मेन बाजार, बोहरा बाजार और टोड़ी बाजार खुलने से व्यापारियों के साथ ग्राहकों को भी राहत
शहर के मेन बाजार, बोहरा बाजार व टोड़ी बाजार में हर जरूरी सामान लोगों को मुहैया होता है। इसमें सराफा, बर्तन, जूते-चप्पल, कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक आइटम, किराना, टेलर सहित अन्य सामग्री की दुकानें हैं। यह क्षेत्र कंटेनमेंट में तब्दील होने के बाद सिर्फ बड़ौदा रोड, पाली रोड और छह मजार से लेकर गांधी चौक का बाजार ही खुला था। इससे लोगों को खरीदारी में परेशानी आ रही थी। अब बाजार खुलने से लोगों को राहत मिली है। मंगलवार को आदेश के मुताबिक दायीं तरफ की दुकानों को चारों बाजारों में खोला गया। बुधवार को बायीं ओर की दुकानें खुलेंगी।

कमिश्नर के कहने पर भी नहीं बढ़ाया बाजार खुलने का समय
व्यापारियों के साथ ही भाजपा व कांग्रेस के नेताओं का कहना था कि चूंकि शहर सीमित दायरे में है। ऐसे में 500 मीटर में आधे से ज्यादा शहर बंद हो जाता है। इसलिए कंटेनमेंट जोन के दायरे को घटाकर 50-100 फीट कर दिया जाए। इसके साथ ही बाजार खोलने के समय सुबह 7 से शाम 7 बजे के बजाए रात 9 बजे तक किया जाए। इन दोनों बिन्दुओं पर कमिश्नर ने कलेक्टर को समय बढ़ाने व कंटेनमेंट का दायरा घटाने के लिए कहा लेकिन मंगलवार को हुई बैठक में दोनों ही बिन्दुओं पर चर्चा नहीं हुई। न कंटेनमेंट जोन का दायरा घटाया गया न बाजार खुले रखने का समय बढ़ाया गया।

धार्मिक स्थल खुलने के लिए अभी और करना होगा इंतजार
8 जून को हुई बैठक में अनलॉक-1 के तहत बसों सहित अन्य दुकानों के संचालन को छूट दी गई थी। साथ ही इसमें आगे और इजाफा किया गया लेकिन उक्त बैठक में धार्मिक स्थल खोलने के बिंदु पर विचार एक हफ्ते के लिए टाल दिया गया था। इसके बाद दो हफ्ते गुजर गए लेकिन कोई निर्णय नहीं लिया गया। मंगलवार को हुई बैठक में भी इस बिन्दु पर चर्चा नहीं की गई। नतीजा धार्मिक स्थल खुलने का मामला फिर लटक गया है।

सुबह नहीं खोलने दीं दुकानें, आदेश के बाद खुला बाजार
सोमवार रात एसडीएम ने चूड़ी बाजार, मेन बाजार, टोड़ी बाजार, बोहरा बाजार के कंटेनमेंट एरिया को समाप्त करने का प्रस्ताव बनाकर कलेक्टर को भेज दिया ताकि मंगलवार को इस पर सहमति जताई जा सके और बाजार खोले जा सके। इधर, व्यापारी मंगलवार सुबह ही बाजार में दुकानें खोलने पहुंच गए जिन्हें पुलिस ने बंद करा दिया और व्यापारियों से साफ कह दिया कि जब तक आदेश नहीं होते, तब तक बाजार नहीं खुलने देंगे। इस पर व्यापारियों की पुलिस से बहस भी हुई। व्यापारियों का कहना था कि कमिश्नर ने कह दिया है फिर भी उन्हें बाजार खोलने से क्यों रोका जा रहा है। हालांकि दोपहर 12 बजे आदेश होने के बाद बाजार खुल गया लेकिन बाजार खुलने को लेकर असमंजस के कारण ग्राहक कम पहुंचे।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
20 days later, the market on the right opens, subscriptions less, wait for the religious site to open now


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2AUaAoX
Dabang News

दबंग न्यूज एक ऐसा जनमंच है जहां हम सभी खबरों एवं जनसमस्याओं को पूर्णतः निष्पक्ष और बेवाक ढंग से प्रकाशित करते हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post