पति से मिलवाने को लेकर दो दिन से गुहार लगाने के बाद गत दिवस थाने के बाहर महिला द्वारा जहर खा लेने के मामले में बेलगढ़ा थाना के प्रभारी को एसपी ने लाइन अटैच किया है। उनके द्वारा महिला की सुनवाई नहीं की गई थी। थाना प्रभारी द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना नहीं देने की लापरवाही भी सामने आई है। वहीं ग्वालियर अस्पताल में भर्ती महिला की हालत में अब सुधार है।
गौरतलब है कि प्रिंस कॉलोनी कैंट गुना निवासी एएनएम गीता मोगिया का पति पवन मंगल उसे 11 जून को छोड़कर चला गया था। उसके बेलगढ़ा में बहन के घर होने की सूचना मिलने पर वह बेलगढ़ा में अपने पति को खोजने के लिए पहुंची थी। दो दिन से वह पुलिस थाने के चक्कर लगा रही थी, इस दौरान उसने पति को मिलवाने को लेकर आवेदन भी दिया था। लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हो रही थी, जिसके चलते ही वह रविवार को सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे पुलिस थाने में जहर खाकर पहुंची और वहां जाकर बेहोश हो गई थी। इसके बाद थाना प्रभारी अशोक कुशवाह सहित अन्य पुलिसकर्मी उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और वहां से ग्वालियर अस्पताल में भर्ती कराया। थाना प्रभारी द्वारा कोई भी वैधानिक कार्रवाई नहीं की गई, साथ ही वरिष्ठ अधिकारियों को भी अवगत नहीं कराया गया। जिसके चलते पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन ने सोमवार को थाना प्रभारी कुशवाह को पुलिस लाइन अटैच कर दिया है।
भितरवार और गिजौर्रा थाना के प्रभारी भी बदले
डबरा व भितरवार अनुभाग में तीन थाना प्रभारियों को हटाकर उनकी जगह अन्य को पदस्थ किया गया है। इसके अलावा सिटी थाने में एक एसआई और मिला है। वहीं भितरवार थाने से एएसआई काे हटाकर बिजौली थाना भेजा गया है । दरअसल पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन द्वारा जिले के कई थाना प्रभारियों की अदला बदली की गई है। भितरवार थाना प्रभारी डॉ संतोष यादव को भितरवार से गिरवाई थाना भेजा गया है। वहीं उनकी जगह सिरोल थाना प्रभारी कृष्णपाल सिंह यादव को पदस्थ किया गया है। इसके अलावा उप निरीक्षक महावीर सिंह को थाना क्राइम से थाना प्रभारी करहिया तथा उप निरीक्षक शक्ति सिंह यादव को थाना क्राइम से थाना प्रभारी गिजौर्रा बनाया गया है। वहीं उप निरीक्षक अंजली सिंह को पुलिस लाइन से सिटी थाना डबरा और सहायक उप निरीक्षक गोविंदराम तिवारी को थाना भितरवार से थाना बिजौली भेजा गया है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3fLWt3G