जिले में रेत का अवैध उत्खनन और परिवहन रुकने का नाम नहीं ले रहा है। माफिया ने अब प्रतिबंधित चंबल नदी के रेत के डंप लगाना शुरू कर दिया है। जब इन डंप पर कार्रवाई करने वन विभाग की टीम पहुंची तो ग्रामीणों ने उसे भगा दिया। पुलिस पहुंची तो माफिया भाग खड़ा हुआ। जेसीबी मशीन से उक्त डंप रेत को मिट्टी में मिलाया गया। दरअसल सिंध के बाद अब चंबल नदी में भी रेत का अवैध उत्खनन और परिवहन शुरू हो गया है। वन विभाग के अफसरों को सूचना मिली थी कि कछपुरा गांव में चंबल का रेत अवैध रूप से डंप किया गया है। इस पर चंबल सेंक्चुरी के डीएफओ अमित निकाम और अंबाह रेंजर दीपक शर्मा अपनी टीम के साथ कछपुरा में कार्रवाई करने पहुंचे। लेकिन जैसे ही वे उक्त डंप के नजदीक पहुंचे तो ग्रामीणों ने उनका विरोध कर दिया। ऐसे में उन्हें उल्टे पांव वापस लौटना पड़ा। इसके बाद उन्होंने यह सूचना अटेर एसडीओपी विजय यादव को दी। तब वे अटेर थाना के एसआई अतुल सिंह भदौरिया और पुलिस फोर्स लेकर कछपुरा गांव पहुंचे तो माफिया भाग गया। उन्होंने उक्त 200 ट्राॅली रेत का डंप मिट्टी में मिलाकर नष्ट करा दी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3hRrhls