मानव तस्कर गैंग के दो सदस्यों की जमानत अर्जी हाईकोर्ट से खारिज

हाईकोर्ट ने उन दो युवकों की जमानत अर्जियाँ खारिज कर दी हैं, जिन पर मानव तस्कर गैंग के सदस्य होने का आरोप है। यह गैंग युवती के साथ दुराचार करके उनका वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल करती थी फिर उन्हें ले जाकर राजस्थान में बेचती थी। जस्टिस राजीव कुमार दुबे की एकलपीठ ने मामले में लगे आरोपों को गंभीरता से लेते हुए दोनों आरोपियों को जमानत का लाभ देने से इनकार कर दिया। ये अर्जियाँ जबलपुर के घमापुर में रहने वाले शैंकी रैकवार और राजस्थान के कोटा में रहने वाले प्रमोद अग्रवाल की ओर से दायर की गईं थीं। अभियोजन के अनुसार 2 अप्रैल 2019 को निखिल नामक युवक ने पीड़ित युवती का अपहरण करके कंचनपुर स्थित मकान में दुराचार किया और उसका वीडियो भी बना लिया। 5 अप्रैल 2019 को निखिल और गैंग की सरगना सुनीता यादव युवती को लेकर ट्रेन से राजस्थान के गंगापुर शहर ले गए। वहाँ पर नंदकिशोर और प्रमोद से मुलाकात के बाद युवती को चार दिनों तक एक कमरे में बंधक बनाकर रखा गया। फिर कोटा ले जाकर युवती को सवा दो लाख रुपए में गोलू उर्फ राजेन्द्र विजयवर्गीय को बेच दिया। गोलू ने जबरदस्ती युवती से शादी करके उसके साथ दुराचार किया।

दो वेतनवृद्धियाँ रोकने पर स्टे
जस्टिस विजय कुमार शुक्ला की एकलपीठ ने जबलपुर जिले में पदस्थ 8 प्राचार्यों की सजा बतौर दो वेतन वृद्धियाँ रोकने के आदेश के क्रियान्वयन पर रोक लगा दी है। त्रयंबक गणेश खरे, मुकेश कुमार तिवारी, राजीव नंदा, टहर सिंह मार्को, रत्नेश कुमार शर्मा, संजय टैगोर, अखिलेश कुमार सिन्हा और घसीटेराम झारिया की ओर से दायर याचिका में 10 फरवरी को इन्क्रीमेंट रोकने के संबंध में जारी आदेश को चुनौती दी गई थी। याचिकाकर्ताओं का पक्ष अधिवक्ता सुधा गौतम ने रखा।
नवीन कुमार सक्सेना होंगे नए डीजे
मप्र हाईकोर्ट ने जजों के तबादलों की सूची जारी की है। इसके मुताबिक हाईकोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ में प्रिंसिपल रजिस्ट्रार नवीन कुमार सक्सेना जबलपुर के अगले जिला सत्र न्यायाधीश (डीजे) होंगे। मौजूदा जिला सत्र न्यायाधीश संजय शुक्ला 30 जून को रिटायर हो रहे हैं। रजिस्ट्रार जनरल राजेन्द्र कुमार वाणी के नाम से जारी तबादला आदेशों की विस्तृत सूची हाईकोर्ट की वेबसाइट पर देखी जा सकती है।




Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/310R4BD
Dabang News

दबंग न्यूज एक ऐसा जनमंच है जहां हम सभी खबरों एवं जनसमस्याओं को पूर्णतः निष्पक्ष और बेवाक ढंग से प्रकाशित करते हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post