कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक राजेंद्र भारती सहित 20 से ज्यादा कांग्रेस नेता गुरुवार को भाजपा में शामिल हो गए। उन्होंने भोपाल में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। यह सभी नेता पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के कट्टर समर्थक हैं।
सिंधिया के कांग्रेस छोड़कर भाजपा में जाने के बाद ही स्थानीय कांग्रेस नेताओं ने कांग्रेस से किनारा कर लिया था और गुरुवार को भाजपा ज्वाइन कर ली। भारती के अलावा प्रदेश कांग्रेस के पूर्व सचिव उमेश सिंह सेंगर, संजय ठाकुर, शहर कांग्रेस के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष आजम शेख, नारायण सिंह भाटिया, पूर्व पार्षद दिलीप सिंह परमार, रितेश जटिया, विपिन गिरि, मानसिंह चौधरी, देवेंद्र बुंदेला, राजेंद्र सिंह राठौड़, राजीव अग्रवाल, जितेंद्र बिहाण्या आदि भाजपा में शामिल हुए हैं। पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष आजम शेख ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ को अपना त्यागपत्र भेजा है, जिसमें आरोप लगाया कि अल्पसंख्यकों से चुनाव में वोट तो लिए जाते हैं लेकिन सरकार बनने पर उन्हें उनके हक व अधिकारों से वंचित कर दिया जाता है। इधर कांग्रेस का कहना है सिंधिया समर्थकों को पहले ही पार्टी से बाहर किया जा चुका है।
पारस जैन vs राजेंद्र भारती...तीन बार आमने-सामने विधानसभा चुनाव लड़े, अब एक ही पार्टी में
उज्जैन उत्तर के विधायक पारस जैन और राजेंद्र भारती के बीच विधानसभा चुनाव में तीन बार मुकाबला हुआ। इसमें एक बार भारती ने जैन को हराया और 2 चुनाव में जैन ने भारती को हराया था। जैन व भारती दोनों ही उज्जैन उत्तर से प्रतिनिधित्व करते हैं। भारती के भाजपा में जाने से उज्जैन उत्तर के दूसरे कांग्रेसी नेताओं के लिए विधानसभा चुनाव में टिकट के लिए रास्ता खुल गया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today