शिवपुरी-
कोरोनावायरस महामारी के चलते जनगणना का कार्य प्रभावित हो गया था लेकिन अब जनगणना का काम फिर से शुरू हो गया है। सोमवार को बैठक में जिला योजना एवं सांख्यिकी अधिकारी एवं जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों द्वारा यह जानकारी दी गई और आगामी समय में जनगणना कार्य के लिए व्यवस्थाओं के संबंध में चर्चा की गई। बैठक में प्रेजेंटेशन के माध्यम से पूरी कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
जनगणना कार्य दो चरणों में होना है जिसमें प्रथम चरण में मकान सूचीकरण किया जाना है जिसमें भवन और मकान की गणना की जाएगी और दूसरे चरण में देश के नागरिकों की गणना होगी। जिले में कलेक्टर के निर्देशन में काम किया जाएगा और अनुविभाग स्तर पर संबंधित अनुविभाग के एसडीएम को निगरानी करेंगे। जनगणना के लिए डोर टू डोर सर्वे कर जानकारी एकत्रित की जाएगी। जिसमें सभी आमजनों से भी सहयोग की अपेक्षा की गई है। सभी सही जानकारी उपलब्ध कराएं।
कलेक्टर अनुग्रहा पी ने इस संबंध में निर्देश दिए हैं कि जनगणना कार्य के लिए जो शेड्यूल दिया जाएगा, उसके अनुसार कार्य करें। फील्ड लेवल पर जो टीम काम कर रही हैं उनके लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम भी रखे जाएं ताकि टीम सही जानकारी एकत्रित कर सके और जनगणना में कोई त्रुटि ना हो।
