निज संवाददाता, जबलपुर। रेत व मुरुम चोरी व परिवहन करने के मामले में अधारताल, पनागर, बरगी व चरगवाँ में 6 वाहन जब्त कर चालकों एवं वाहन मालिकों के विरुद्ध चोरी तथा खान एवं खनिज अधिनियम के तहत कार्यवाही की गयी। अधारताल मेंपकड़े गये दोनों हाइवा भाजपा नेता के हैं और उन्हीं की खदान से बिना राॅयल्टी की मुरुम ढुल रही थी। सूत्रों के अनुसार रेत माफिया पर लगाम लगाने के लिए एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा द्वारा निर्देशित किए जाने के बाद जिले में अभियान चलाकर रेत चोरी करने वालोंं पर शिकंजा कसा जा रहा है। इसी कड़ी में बीती रात डेढ़ बजे के करीब चैकिंग के दौरान व्हीकल मोड़ महाराजपुर मे हाइवा क्रमांक एमपी 20 एचबी 6265 को रोककर चैक किया गया जिसमें बिना राॅयल्टी की मुरुम भरी हुयी थी। चालक रंजीत कुमार कोल गोसलपुर ने मुरुम हाइवा मालिक पुष्पराज सिंह की खदान सहजपुरा से बिना रॉयल्टी के लोड करना बताया। इसी प्रकार हाइवा क्रमांक एमपी 20 एचबी 6031 को मुरुम ले जाते हुए पकड़ा गया। चालक राजा सिंह गोंड़ ने बिना राॅयल्टी पुष्पराज सिंह की खदान से मुरुम लोड करना बताया। जानकारों के अनुसार पुष्पराज सिंह गोसलपुर भाजपा का मंडल अध्यक्ष है। इसी तरह बरगी में डम्पर क्रमांक एमपी 49 एच 0199 में अवैध मुरुम पकड़ी गयी। चालक महेश कुमार ने वाहन मालिक दीपक सोनकर के कहने पर मुरुम परिवहन करना बताया। पूछताछ के बाद उक्त वाहन को जब्त कर मामला दर्ज किया गया है।
अवैध रूप से रेत की निकासी- अभियान के दौरान बरगी चौकी में नर्मदा नदी घाट से रेत लेकर खापा की ओर जा रहे ट्रैक्टर को पकड़कर चालक खेमचंद बर्मन व वाहन मालिक बेड़ीलाल पटैल के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इसी तरह पनागर में बरौदा चौराहे के पास डम्पर क्रमांक एमपी 20 जीए 7191 से रेत पकड़ी गयी। चालक संजू कोल ने वाहन मालिक दिप्पू पटैल के कहने पर हिरण नदी से रेत चोरी कर लाना बताया। वहीं चरगवाँ में बिना नंबर का ट्रैक्टर जिसमें रेत लोड थी को पकड़ा गया। चालक सोनू मेहरा ने मनीष राय से ट्रैक्टर माँगकर रेत चोरी करना बताया।
खाली होने के पहले पकड़ाया डम्पर - अवैध खनन और परिवहन को लेकर की जा रही कार्रवाई के दौरान तिलहरी के पास पुलिस ने अवैध रूप से गिट्टी लोड कर आ रहे डम्पर क्रमांक एमपी 20 जीए 5647 को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में चालक आजाद चौधरी के पास गिट्टी राॅयल्टी नहीं थी और वाहन मालिक रामकुमार पटैल के कहने पर मानेगाँव से गिट्टी चोरी कर तिलहरी लाया जाना बताया। पुलिस ने डम्पर जब्त कर चालक व वाहन मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इसी प्रकार गौर में नाकाबंदी कर ट्रैक्टर क्रमांक एमपी 20 एबी 0401 के चालक प्रदीप बैगा को पकड़ा गया उसमें चोरी की रेत भरी थी जो कि वाहन मालिक मोहन ठाकुर के कहने पर बेचने के लिए बरेला ले जाई जा रही थी। वहीं जमुनिया घाट में ट्रैक्टर क्रमांक एमपी 20 एए 8009 को अवैध रेत लोड कर ले जाते हुए पकड़कर चालक दिलीप ठाकुर व वाहन मालिक सत्या श्रीपाल के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/312d8M4