शहर व अंचलों में लगातार कोरोना संक्रमण के मामले आने से प्रशासन अब सख्त हो गया है। बाजार में त्योहार पर होने वाली भीड़ पर नियंत्रण करने के लिए पुलिस, 12 चौकीदार और अन्य विभाग के कर्मचारियों की तैनाती की गई है। दुकान खुलने के समय में भी कटौती करते हुए बुधवार से 12 की बजाए 10 घंटे कर दिया है।
एसडीएम डाॅ. योगेश भरसट ने तहसीलदार सुरेश नागर, नपा सब इंजीनियर प्रवीण परमार, राजेश परिहार के साथ मंगलवार को अमला रोड स्थित विकासखंड उत्कृष्ट बालक शिक्षा केंद्र में बनाए गए क्वारेंटाइन सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान क्वारेंटाइन में रह रही महिलाओं से हालचाल जान अधिकारियों को ऑक्सीजन सिलेंडर की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। एसडीएम ने क्वारेंटाइन सेंटर पर भास्कर से चर्चा करते हुए कहा कि लगातार कोरोना संक्रमण बढ़ते हुए अब संदिग्ध मरीजों को भी क्वारेंटाइन किया जा रहा है। सेंटर में 6 लोगों को क्वारेंटाइन किया है। इनमें से चार की कोरोना सैंपलिंग भी की है। रिपोर्ट पाॅजिटिव आने पर आरडी गार्डी अस्पताल उज्जैन भेजा जाएगा। साथ ही सेंटर पर पुलिस, एएनएम की व्यवस्था भी रहेगी। प्रतिदिन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी द्वारा भी निरीक्षण किया जाएगा। माॅर्निंग वाक के समय बगैर मास्क के कोई घूमते हुए नजर आया तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। रात 8 से सुबह 6 बजे के बीच घर से बाहर निकलने वाले व्यक्ति को अस्थाई जेल अमला रोड पर भेजा जाएगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today