वार्ड प्रभारी के घर मुफ्त में दूध का पैकेट नहीं पहुंचाने पर नगर निगम कर्मचारियों ने शाहपुरा क्षेत्र के एक दूध विक्रेता का चालान काट दिया। इसकी शिकायत दूध विक्रेता घनश्याम गुप्ता ने अपर आयुक्त से की है। गुप्ता का आरोप है कि निगम कर्मचारी मुकेश बड़ोदिया और अमर मौर्य ने उनसे वार्ड प्रभारी श्रद्धा चतुर्वेदी के घर पर रोज मुफ्त में दूध का पैकेट सप्लाई करने को कहा था। 3 दिन तक जब दूध सप्लाई नहीं किया तो बड़ोदिया और मौर्य ने अवैध पेड़ कटाई के नाम पर उनका 2000 रुपए का चालान बना दिया, जबकि वहां कोई पेड़ नहीं काटा गया। गुप्ता की शिकायत पर अपर आयुक्त हरेंद्र नारायण ने 25 दिवसीय कर्मचारी बड़ोदिया और मौर्य के साथ वार्ड प्रभारी चतुर्वेदी व जोनल अधिकारी संतोष त्रिपाठी को तलब किया।
वार्ड प्रभारी को बचाने की तैयारी में प्रशासन
अपर आयुक्त नारायण ने बड़ोदिया और मौर्य को डांट लगाई और जेडओ को पूरे घटनाक्रम पर रिपोर्ट देने को कहा। बताया जाता है कि इस पूरे मामले में बड़ोदिया और मौर्य को नौकरी से निकालने की तैयारी है, लेकिन निगम प्रशासन वार्ड प्रभारी को छोड़ने के मूड में है। अपर आयुक्त नारायण ने स्वीकार किया कि शिकायत में मुफ्त में दूध का पैकेट देने की बात कही गई है, लेकिन वार्ड प्रभारी ने गुप्ता से सीधे बात नहीं की, इसलिए जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।
निगम कर्मचारी ने दी थी धमकी- चालान बना देंगे
गुप्ता ने भास्कर को बताया कि तीन दिन पहले बड़ोदिया ने उन्हें दुकान के पास ही रहने वाली श्रद्धा चतुर्वेदी के घर पर दूध का पैकेट पहुंचाने के लिए कहा था, लेकिन बीमार होने से वह पैकेट नहीं पहुंचा पाया। नाराज बड़ोदिया ने उसे धमकी दी कि वह उसका चालान बना देगा। कुछ देर बाद बड़ोदिया, सुपरवाइजर अमर मौर्य को लेकर दुकान पर आया और 2000 रुपए का चालान बना दिया। रसीद में अवैध पेड़ कटाई लिखा गया है। गुप्ता ने बताया कि बड़ोदिया पहले भी उसे परेशान करता रहा है। उसके प्याज के ठेले से वह मुफ्त में प्याज लेता रहा है।
मैंने मुफ्त नहीं मांगा, लॉकडाउन में घर पर सप्लाई करने को कहा था
मैंने मुफ्त में दूध का पैकेट नहीं मांगा था। लॉकडाउन के कारण घर पर सप्लाई करने को कहा था और यह मुद्दा तो खत्म हो गया था। कर्मचारियों ने गलत चालान काटा, इसलिए उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए कहा गया है। -श्रद्धा चतुर्वेदी, वार्ड प्रभारी
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today